झारखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, चक्रधरपुर चाईबासा सहित कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

रांची: बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के संकेत हैं। इसके असर से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के कई जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
राजधानी रांची में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं गढ़वा, पलामू, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 24 अगस्त को भी झारखंड के कई हिस्सों में मौसम खराब रहेगा। गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग और लातेहार में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
शनिवार को लोहरदगा में सबसे अधिक करीब 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि रांची में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई।

राज्य में अब भी 13 फीसदी बारिश कम
झारखंड में मानसून के बावजूद बारिश का आंकड़ा अब भी सामान्य से नीचे है। 1 जून से 22 अगस्त तक राज्य में सामान्य तौर पर 730.5 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 638.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यानी राज्य में अब भी सामान्य से करीब 13 फीसदी कम बारिश हुई है।
हालांकि, कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। पश्चिमी सिंहभूम में 41 फीसदी, सिमडेगा में 4 फीसदी, सरायकेला में 5 फीसदी, रांची में 3 फीसदी और खूंटी में 5 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है।
25 और 26 अगस्त को भी सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग ने 25 और 26 अगस्त को भी राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका जताई है। 22 से 26 अगस्त तक खराब मौसम को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
वज्रपात के दौरान लोगों से खुले मैदान में जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों के पास रहने से बचने की अपील की गई है। तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव और सड़कों पर फिसलन की स्थिति भी बन सकती है।





टिप्पणियां