top of page

चक्रधरपुर थाना परिसर में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित, एसडीपीओ बोले- 112 पर सूचना दें, 10 मिनट में पहुंचेगी पुलिस, होगी कार्रवाई

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 3 दिन पहले
  • 3 मिनट पठन

चक्रधरपुर: पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को चक्रधरपुर थाना परिसर में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के सचिव रवि चौधरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डा. सैय्यद मुस्तफा हाशमी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कांचन मुखर्जी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, थाना प्रभारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।



कार्यक्रम में डालसा सचिव रवि चौधरी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा प्रदत्त निःशुल्क कानूनी सहायता एवं अन्य सेवाओं की जानकारी दी। बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने के लिए डालसा निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराती है। लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और जरूरत पड़ने पर इस सुविधा का लाभ उठाना चाहिए। वहीं अपने एसडीपीओ डा. सैय्यद मुस्तफा हाशमी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग से ही समाज में शांति और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से किसी भी समस्या, शिकायत या सूचना को बेझिझक पुलिस तक पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। जनता को पुलिस से नहीं, बल्कि अपराधियों को कानून से डरना चाहिए।



उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों की रसीद दी जाएगी तथा संबंधित मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अगले माह आयोजित होने वाली जनसुनवाई में इन मामलों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। एसडीपीओ ने आपातकालीन सेवा नंबर 112 की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना, दुर्घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 पर दें। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम लगभग 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी व्यक्ति की शिकायत पर थाना स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है तो सभी थानों के मुख्य द्वार पर शिकायत पेटिका लगाई गई है। लोग उसमें अपना आवेदन डाल सकते हैं। शिकायत पेटी की चाबी स्वयं उनके पास रहती है, जिससे शिकायतों की सीधे समीक्षा कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


एसडीपीओ ने बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि चक्रधरपुर अनुमंडल को नशामुक्त बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नशे के खिलाफ प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो युवा पीढ़ी का भविष्य खतरे में पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से नशा उन्मूलन अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।‌



कार्यक्रम में बीडीओ कंचन मुखर्जी ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों में सहयोग करने का आग्रह किया।


इस अवसर पर विभिन्न थाना प्रभारियों ने सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।‌ चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने मानव तस्करी के खतरों एवं रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डाला। कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का संदेश दिया। टोकलो थाना प्रभारी अंकित कुमार ने साइबर अपराध और आनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। बंदगांव थाना प्रभारी मिथुन कुमार ने अवैध अफीम खेती की रोकथाम को लेकर लोगों को जागरूक किया। टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमारी मरांडी ने बाल विवाह की कुप्रथा और उसके कानूनी परिणामों की जानकारी दी। वहीं महिला थाना प्रभारी मेनका बिरूली ने महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी सहायता योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।



अंचल कार्यालय के सीआइ विनोद कुमार ने आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मिलने वाली सहायता एवं मुआवजा योजनाओं की जानकारी दी।‌उन्होंने बताया कि हिट एंड रन दुर्घटना, सर्पदंश, वज्रपात, नदी या तालाब में डूबने जैसी घटनाओं में सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

बंदगांव अंचल की राजस्व निरीक्षक शैलजा महतो ने सर्पदंश के मामलों में अंधविश्वास से बचने की अपील करते हुए कहा कि झाड़-फूंक के बजाय पीड़ित को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाना चाहिए, ताकि समय पर इलाज मिल सके और उसकी जान बचाई जा सके।



जनसुनवाई कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), बिजली विभाग, प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय, नगर परिषद सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर लोगों को योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुखिया साहेब हेम्ब्रम, पार्षद संजय पासवान, सखावत हुसैन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।

टिप्पणियां


bottom of page