35 साल की शानदार रेल सेवा के बाद भावुक विदाई, आखिरी सफर में मौर्या एक्सप्रेस चलाकर राउरकेला पहुंचे लोको पायलट बंधन ओराम
- Rahul
- 12 घंटे पहले
- 1 मिनट पठन

राउरकेला (संजीव कुमार): राउरकेला रेलवे रनिंग ब्रांच के अनुभवी ट्रेन चालक बंधन ओराम ने 35 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद आज रेलवे से सेवानिवृत्ति ले ली है। अपने लंबे कार्यकाल में उन्होंने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ हजारों रेल यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की है। बंधन ओराम सिर्फ एक कुशल ट्रेन चालक ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ी के रूप में भी अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने चक्रधरपुर की प्रतिष्ठित SERSA फूटबाल टीम के साथ साथ दक्षिण पूर्व रेलवे टीम की ओर से भी कई फुटबॉल मुकाबलों में हिस्सा लिया है। रांची समेत देश के कई अन्य शहरों में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल प्रतियोगिताओं में उन्होंने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया था।

आज सेवानिवृत्ति के दिन भी बंधन ओराम ने अपनी ड्यूटी को खास अंदाज में पूरा किया। उन्होंने हटिया रेलवे स्टेशन से ट्रेन संख्या 15028 मौर्या एक्सप्रेस को चलाकर राउरकेला रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया और इसी के साथ अपने 35 साल के रेल सफर का समापन किया। राउरकेला रेलवे स्टेशन पहुंचने पर सहकर्मियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारियों ने फूल माला, गुलदस्ता और उपहार देकर उन्हें सम्मानित किया। इस भावुक मौके पर ढोल नगाड़ों की धुन पर सहकर्मी खुशी से झूमते नजर आए। बंधन ओराम की विदाई ने रेलवे परिवार के बीच एक यादगार पल छोड़ दिया है। सहकर्मियों ने उनके बेहतर स्वास्थ्य और सुखद भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी है।





टिप्पणियां