top of page

​धूप से बचने की कोशिश बनी मौत का जाल: बंद कार में तड़पती रही मासूम, दम घुटने से दर्दनाक मौत

  • लेखक की तस्वीर: Jay Kumar
    Jay Kumar
  • 3 दिन पहले
  • 2 मिनट पठन


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा शहर में बुधवार को एक ऐसी हृदयविदारक घटना हुई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज धूप से राहत पाने के लिए सड़क किनारे खड़ी एक बंद कार में घुसे दो मासूम बच्चों में से एक की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मिली जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के टुंगरी मोहल्ले स्थित ग्रीन फ्लैट के सामने खड़ी एक कार में एसपीजी मिशन कंपाउंड निवासी अंकित गोप और 5 वर्षीय इशानी गोप धूप से बचने के लिए जाकर बैठ गए। मासूमों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि जिस कार को वे धूप से राहत का ठिकाना समझ रहे हैं, वही कुछ ही मिनटों में मौत का बंद कैदखाना बन जाएगी।



बताया जा रहा है कि कार के अंदर ऑक्सीजन कम होने लगी और दोनों बच्चों की हालत बिगड़ने लगी। किसी तरह अंकित कार से बाहर निकलने में सफल हो गया, लेकिन नन्हीं इशानी अंदर ही फंस गई। बंद कार के भीतर वह काफी देर तक तड़पती रही और आखिरकार दम घुटने से बेहोश हो गई।



घबराया हुआ अंकित घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजन दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और बच्ची को कार से बाहर निकालकर तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल ले गए। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम इशानी को मृत घोषित कर दिया।


इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे टुंगरी और एसपीजी मिशन क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। जिसने भी इस घटना के बारे में सुना, उसकी आंखें नम हो गईं। एक पल की अनजानी गलती ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और परिवार को जिंदगी भर का गम दे दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

टिप्पणियां


bottom of page