मनोहरपुर में 10 साल की बच्ची के अपहरण कोशिश का सनसनीखेज मामला आया सामने, बच्ची ने दिखाई सुझबुझ और बहादुरी, तेज रफ्तार बाइक से कूदकर बचाई अपनी जान
- Jay Kumar

- 11 मार्च
- 2 मिनट पठन

मनोहरपुर, प. सिंहभूम: मनोहरपुर थाना क्षेत्र के डोंगाकाटा गांव में मंगलवार की रात 10 साल की एक बच्ची को गलत नीयत से अगवा करने का प्रयास किया गया। हालांकि बच्ची ने अद्भुत साहस और सुझबुझ का परिचय देते हुए तेज रफ्तार बाइक से कूदकर अपनी जान बचा ली। इस दौरान उसे हल्की चोटें भी आई हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची मंगलवार रात करीब 8 बजे मनोहरपुर बाजार से अपने घर डोंगाकाटा लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक बाइक सवार युवक ने उसे घर छोड़ने की बात कही। बच्ची ने भरोसा कर लिया और उसकी बाइक पर बैठ गई। लेकिन युवक उसे घर के पास उतारने के बजाय बाइक को तेज रफ्तार से लेकर आगे बढ़ने लगा।
स्थिति को भांपते ही बच्ची ने शोर मचाना शुरू कर दिया, लेकिन अंधेरा होने के कारण आसपास के लोगों का ध्यान उस पर नहीं गया। ऐसे में बच्ची ने हिम्मत दिखाते हुए चलती बाइक से छलांग लगा दी और जोर-जोर से शोर मचाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और मौके पर पहुंचे। तब बच्ची ने पूरी घटना लोगों को बताई।
घटना की जानकारी मिलने पर बच्ची की मां भी मौके पर पहुंची और उसे अपने साथ घर ले गई। बताया जाता है कि बच्ची की मां सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करती है। बच्ची ने बाइक सवार युवक की बाइक का नंबर भी अपने परिजनों को बताया है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इधर बच्ची के साहसिक कदम की क्षेत्र में सराहना हो रही है, वहीं इस घटना के बाद इलाके में बढ़ते अपराध को लेकर लोगों में चिंता भी देखी जा रही है।





टिप्पणियां