top of page

चक्रधरपुर में श्रम संहिताओं पर जागरूकता कार्यक्रम, श्रमिकों को बताए गए अधिकार और सुरक्षा प्रावधान

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 23 जून
  • 2 मिनट पठन

रेलवे के मालगोदामों में फिर से बढ़ने वाली है रौनक, मजदूरों को रोजगार के साथ मिलगा उनका पूरा हक अधिकार: मनोरंजन कुमार



चक्रधरपुर: चक्रधरपुर में भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ (B R M G S S) और रेलवे प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में श्रम संहिताओं (लेबर कोड्स) को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को नई श्रम संहिताओं, उनके अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा तथा कार्यस्थल पर उपलब्ध सुरक्षा उपायों की जानकारी देना था।



कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी (L E O Central), चाईबासा एवं चक्रधरपुर मंडल के राजपत्रित अधिकारी अजीत कुमार साहू उपस्थित रहे। उन्होंने श्रमिकों को नई श्रम संहिताओं के विभिन्न प्रावधानों से अवगत कराते हुए बताया कि ये कानून श्रमिकों के हितों की रक्षा, सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने और कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने श्रमिकों से अपने अधिकारों के साथ साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने की अपील की।


इस अवसर पर भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ के राष्ट्रीय प्रभारी मनोरंजन कुमार ने कहा कि श्रमिकों को श्रम कानूनों की सही जानकारी होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने श्रमिकों से जागरूक रहने और कानूनों द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि लम्बी लड़ाई के बाद अब एक बार फिर से रेलवे के बंद पड़े मालगोदाम में रौनक लौटने वाली है।



मालगोदाम के मजदूरों को रोजगार भी मिलेगा और उनके हितों की रक्षा भी नए लेबर कोड्स से सुनिश्चित किये जायेंगे। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि चंद महीनों में अब चक्रधरपुर रेल मंडल सहित पुरे दक्षिण पूर्व रेलवे के मालगोदाम के मजदूरों का रजिस्ट्रेशन होगा और उन्हें रोजगार के साथ उन्हें सारी सुविधाएँ प्रदान की जाएगी. इसको लेकर रेल मंत्रालय से लेकर मंडल मुख्यालय तक पत्राचार जारी है।


केंद्र सरकार ने मजदूरों के हित में चार लेबर कोड लागू किए हैं, जिनका सीधा लाभ रेलवे माल गोदाम में कार्यरत श्रमिकों को मिलेगा। मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, पीएफ, ईएसआईसी, कार्य के घंटे, अवकाश, सुरक्षा और अन्य मूलभूत श्रम सुविधाओं का लाभ मिलेगा।



असंगठित क्षेत्र के इन श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु एक विशेष बोर्ड या कॉर्पोरेशन बनाने पर केंद्र सरकार भी कार्य कर रही है, जिसको लेकर भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ में उत्साह है।


कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, श्रमिक कल्याण योजनाओं, कार्यस्थल सुरक्षा और नई श्रम संहिताओं से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रमिकों, संघ पदाधिकारियों और रेलवे कर्मियों ने भाग लिया।

टिप्पणियां


bottom of page