top of page

टेकराहातु गांव में ग्रामीणों संग बाबूलाल मरांडी ने सुनी पीएम मोदी की 'मन की बात'

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 3 घंटे पहले
  • 1 मिनट पठन

चाईबासा: झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रविवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित टेकराहातु गांव में ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को सुना। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने भाग लिया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, भाजपा नेता जेबी तुबिद, संजय पांडे, बड़ाकुंवर गागराई सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



कार्यक्रम के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम देशवासियों में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार करता है। उन्होंने कहा कि इस माध्यम से प्रधानमंत्री समाज की प्रेरणादायक कहानियों और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाते हैं, जिससे ग्रामीणों को भी आगे बढ़ने और कुछ नया करने की प्रेरणा मिलती है।



मरांडी ने कहा कि टेकराहातू जैसे सुदूर गांव में ग्रामीणों के साथ बैठकर 'मन की बात' सुनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने लोगों से प्रत्येक प्रसारण को नियमित रूप से सुनने की अपील करते हुए कहा कि इससे जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बाबूलाल मरांडी और अन्य भाजपा नेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा पूरे कार्यक्रम को उत्साह और गंभीरता के साथ सुना।

टिप्पणियां


bottom of page