आद्रा स्टेशन पर लिफ्ट में करीब तीन घंटे फंसे बच्चा और महिलाएं, मची अफरा-तफरी

पुरुलिया: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के आद्रा रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक खराब लिफ्ट में एक बच्चा और कई महिला यात्री करीब तीन घंटे तक फंसे रहे। लिफ्ट के बीच रास्ते में रुक जाने के बाद यात्रियों में घबराहट फैल गई। काफी मशक्कत के बाद रेलवे इंजीनियरों और आरपीएफ जवानों ने लिफ्ट का दरवाजा खोलकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, प्लेटफॉर्म संख्या 3 और 4 को जोड़ने वाली लिफ्ट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। लिफ्ट बीच में ही रुक गई और उसके दरवाजे नहीं खुले। इसके कारण एक बच्चा समेत कई महिला यात्री काफी देर तक लिफ्ट के अंदर ही फंसी रहीं।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और आद्रा आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। रेलवे कर्मचारियों और इंजीनियरों ने लिफ्ट को खोलने का प्रयास शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया।
लिफ्ट में लंबे समय तक फंसे रहने के कारण यात्रियों में भय और बेचैनी का माहौल रहा। घटना ने स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और लिफ्ट के नियमित रखरखाव को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।





टिप्पणियां