डोंगवपोसी में अपराध पर लगाम, आरपीएफ और पुलिस की संयुक्त रात्रि गश्ती से बढ़ी सुरक्षा
- Rahul
- 14 घंटे पहले
- 1 मिनट पठन
चक्रधरपुर: चक्रधरपुर रेल मंडल के डोंगवपोसी क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से रात्रि गश्ती अभियान तेज कर दिया है। दोनों सुरक्षा एजेंसियां नियमित रूप से पूरे क्षेत्र में सघन निगरानी और गश्ती कर रही हैं। इस अभियान में नोवामुंडी थाना पुलिस भी सक्रिय रूप से शामिल है।

गौरतलब है कि डोंगवपोसी रेलवे कॉलोनी में पिछले कुछ समय से रेलवे क्वार्टरों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं से रेलकर्मियों और उनके परिवारों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था। लगातार हो रही चोरियों के कारण रेलवे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने नोवामुंडी थाना पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में संयुक्त रात्रि गश्ती शुरू की। सुरक्षा बलों द्वारा रेलवे कॉलोनी, संवेदनशील स्थानों और आसपास के इलाकों में नियमित रूप से निगरानी रखी जा रही है।
संयुक्त गश्ती अभियान का सकारात्मक प्रभाव अब दिखाई देने लगा है। पिछले कुछ दिनों से कॉलोनी क्षेत्र में चोरी की कोई नई घटना सामने नहीं आई है, जिससे रेलकर्मियों और उनके परिवारों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा बलों की लगातार मौजूदगी से असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना है।
फिलहाल आरपीएफ और जिला पुलिस की सतर्कता के चलते डोंगवपोसी में अपराधी गतिविधियों पर काफी हद तक लगाम लगती नजर आ रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।





टिप्पणियां