top of page

जंगल में मिली युवक की सड़ी-गली लाश, हत्या के आरोप में एक गिरफ्तार

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 17 जून
  • 1 मिनट पठन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 15 जून को काटेपाड़ा गांव के ग्रामीण मुंडा ने सूचना दी थी कि काटेपाड़ा जंगल स्थित सुखदेवलंगर नाला के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है, जिससे दुर्गंध आ रही है।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। देर शाम शव की पहचान छोटा महुलडीहा निवासी 20 वर्षीय मुकेश बारजो के रूप में हुई। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले गांव के ही फंटुस लागुरी के घर में हुए एक विवाद के दौरान आरोपी ने मुकेश को जान से मारने की धमकी दी थी।


मृतक की पत्नी बुधनी गोप बारजो के लिखित आवेदन के आधार पर जगन्नाथपुर थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।


तकनीकी शाखा की सहायता से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फंटुस लागुरी (35) को 16 जून को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


इस कार्रवाई में एसडीपीओ रफाएल मुर्मू, पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी टिंकु कुमार दास सहित जगन्नाथपुर थाना और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।

टिप्पणियां


bottom of page