सतर्क ट्रैक मेंटेनर अनिल कुमार को डीआरएम ने किया सम्मानित, सूझबूझ से टला बड़ा रेल हादसा
- Rahul
- 14 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन
टीवीटी,न्यूज नेटवर्क: चक्रधरपुर रेल मंडल के एक सतर्क और कर्तव्यनिष्ठ रेलकर्मी की सजगता से एक संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया। उत्कृष्ट कार्य और जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए मंडल रेल प्रबंधक डीआरएम तरुण हुरिया ने इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत ट्रैक मेंटेनर अनिल कुमार को संरक्षा में विशेष योगदान के लिए सम्मानित एवं पुरस्कृत किया।

जानकारी के अनुसार, डोंगवापोशी में ट्रैक मेंटेनर के पद पर कार्यरत अनिल कुमार ने 4 जून को नियमित निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक में गंभीर तकनीकी खामी देखी। निरीक्षण के दौरान उन्हें रेल पटरी में बकलिंग (Buckling) की समस्या दिखाई दी। यह ऐसी स्थिति होती है जिसमें अत्यधिक तापमान या अन्य तकनीकी कारणों से रेल पटरी मुड़ जाती है, जिससे ट्रेन के पटरी से उतरने और बड़े हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
अनिल कुमार ने बिना समय गंवाए इसकी सूचना अपने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण में पाया कि ट्रैक वास्तव में बकलिंग की समस्या से प्रभावित था। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेल पटरी की मरम्मत की और ट्रैक को सुरक्षित बनाकर परिचालन पुनः शुरू कराया। रेल अधिकारियों का मानना है कि यदि समय रहते इस खामी का पता नहीं चलता तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था।
संयोगवश उसी दिन डीआरएम तरुण हुरिया भी निरीक्षण दौरे पर क्षेत्र में मौजूद थे। जब उनके संज्ञान में यह मामला आया तो उन्होंने अनिल कुमार की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी की सराहना की तथा उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया।
इसी क्रम में 10 जून को चक्रधरपुर मंडल मुख्यालय स्थित डीआरएम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीआरएम तरुण हुरिया ने अनिल कुमार को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेलकर्मियों की सतर्कता और प्रतिबद्धता ही रेलवे की सबसे बड़ी ताकत है।
डीआरएम ने कहा कि यदि सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन इसी तरह ईमानदारी, निष्ठा और सजगता के साथ करें तो न केवल चक्रधरपुर रेल मंडल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा, बल्कि रेल दुर्घटनाओं में भी उल्लेखनीय कमी आएगी और रेलवे सुरक्षित परिचालन और अधिक मजबूत होगी।
सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ मंडलीय अभियंता (समन्वय) एम.पी. मीणा, वरिष्ठ मंडलीय कार्मिक अधिकारी ऋषभ सहित इंजीनियरिंग एवं कार्मिक विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे। अनिल कुमार को मिले इस सम्मान से मंडल के अन्य रेलकर्मियों में भी उत्साह का माहौल है।





टिप्पणियां