जंगलों में बसे लोगों को अधिकार दिलाना ही बिरसा मुंडा के प्रति होगी सच्ची श्रद्धांजलि: जोबा माझी
- rahul tvt
- 6 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन

गोइलकेरा: गोइलकेरा प्रखंड के सुदूर सारूडा गांव में मंगलवार को स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि मनायी गयी। भगवान बिरसा मुंडा कल्याण समिति, सारूडा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही। इसके अलावा गुदड़ी प्रखंड प्रमुख सामी भेंगरा, जिला परिषद सदस्य सुनीता लुगुन, झारखंड आंदोलनकारी बिरसा मुंडा, गोइलकेरा के उप प्रमुख वरदान भुंइया समेत कई लोगों ने शिरकत की। सांसद समेत अन्य अतिथियों ने सारूडा गांव में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में आये ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा बिरसा मुंडा एक स्वतंत्रता सेनानी के साथ समाज सुधारक भी थे। वह सिर्फ अंग्रेजों से नहीं लड़े बल्कि आम लोगों के हक-अधिकार के लिए भी संघर्ष किये थे। उनके विचार और सिद्धांतों का अनुसरण करने की जरूरत है। सांसद ने कहा जंगलों में बसे लोगों को अधिकार दिलाना ही बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कदम से कदम मिलाकर चलने का आह्वान करते हुए कहा गोइलकेरा, गुदड़ी, सोनुवा, आनंदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में पुल-पुलिया और सड़क का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। मोबाइल कनेक्टिविटी समेत अन्य कार्य पर भी मैं स्वयं और विधायक जगत माझी गंभीर हूं और इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के साथ करने के लिए प्रयासरत हूं।
सांसद ने ग्रामीणों से सरकार की विकास योजनाओं की लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार भी दें। कार्यक्रम को बिरसा मुंडा, सुनीता लुगुन, सामी भेंगरा, अकबर खान आदि ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व कार्यक्रम में पहुंचने पर सांसद का स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान बिरसा मुंडा पब्लिक स्कूल, सारुडा के निर्माण के लिए भू दान करने वालों को सांसद के हाथों सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कुशल रुगु ने किया। इस अवसर पर बिरकेल की मुखिया कुंवारी बरजो, ग्रामीण मुंडा मंगरा मुंडा, रमेश लुगुन, चंदन बरजो, अल्फ्रेड भुंइया समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





टिप्पणियां