चक्रधरपुर के लिए अच्छी खबर: रेलवे अस्पताल को मिल सकता है ब्लड बैंक का दर्जा, 25 जून को केंद्रीय टीम करेगी निरीक्षण
- Rahul
- 23 जून
- 2 मिनट पठन
सफल निरीक्षण के बाद ब्लड स्टोरेज सेंटर होगा पूर्ण विकसित ब्लड बैंक में तब्दील, मरीजों को मिलेगा बड़ा लाभ
चक्रधरपुर: चक्रधरपुर रेल मंडल और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में संचालित ब्लड स्टोरेज सेंटर को जल्द ही पूर्ण विकसित ब्लड बैंक के रूप में मान्यता मिल सकती है। इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत आगामी 25 जून को केंद्र से आने वाली निरीक्षण टीम रेलवे अस्पताल का दौरा करेगी। अगर रेलवे अस्पताल में ब्लड बैंक का संचालन शुरू होता है तो क्षेत्र वासियों को बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो जाएगी।

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय टीम अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, ब्लड स्टोरेज सेंटर की व्यवस्थाओं और ब्लड बैंक संचालन के लिए किए गए इंतजामों का विस्तृत निरीक्षण करेगी। निरीक्षण रिपोर्ट संतोषजनक रहने पर रेलवे अस्पताल को ब्लड बैंक संचालित करने के लिए आवश्यक लाइसेंस प्रदान किया जा सकता है।

चक्रधरपुर रेल मंडल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ एसके मिश्रा ने बताया कि यह केवल रेलवे अस्पताल ही नहीं बल्कि पूरे चक्रधरपुर क्षेत्र के लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों के बाद अब केंद्रीय टीम निरीक्षण के लिए आ रही है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि अस्पताल की व्यवस्थाएं टीम को संतोषजनक मिलेंगी तथा ब्लड बैंक संचालन की अनुमति प्राप्त हो जाएगी।

डॉ एसके मिश्रा ने बताया कि निरीक्षण को लेकर चक्रधरपुर रेल मंडल के तमाम विभिन्न विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। बिजली, इंजीनियरिंग, स्वास्थ्य तथा अन्य संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के लिए कहा गया है ताकि केंद्रीय टीम का दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
लंबे समय से उठ रही थी मांग
गौरतलब है कि चक्रधरपुर में बड़ी मात्रा में लोग रक्तदान करते हैं और यहाँ लंबे समय से एक पूर्ण विकसित ब्लड बैंक की मांग उठती रही है। इसी आवश्यकता को देखते हुए रेलवे अस्पताल में चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उराँव के सहयोग से पहले ब्लड स्टोरेज सेंटर की स्थापना की गई थी। हालांकि ब्लड स्टोरेज सेंटर होने के बावजूद लोगों को ब्लड बैंक जैसी सभी सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं, जिसके कारण मरीजों और उनके परिजनों को कई बार दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था।

इसी समस्या के समाधान के लिए रेलवे अस्पताल लगातार प्रयासरत है। अब केंद्रीय निरीक्षण टीम का दौरा इस दिशा में सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि ब्लड बैंक संचालन के लिए आवश्यक अधिकांश आधारभूत सुविधाएं और उपकरण पहले से ही अस्पताल में उपलब्ध हैं तथा तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

निरीक्षण सफल रहता है और लाइसेंस जारी हो जाता है, तो चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में ब्लड बैंक की सुविधा शुरू होने से चक्रधरपुर के आम नागरिक सहित हजारों रेलकर्मियों, उनके परिवारों को आपातकालीन परिस्थितियों में बड़ी राहत मिलेगी। इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी।
फोटो संदर्भ: ब्लड स्टोरेज सेंटर में रक्तदान करते अधिकारियों की फाइल फोटो।





टिप्पणियां