top of page

MMDR पर JMM का शक्ति प्रदर्शन: चक्रधरपुर में जुटे चारों विधायक, मंत्री दीपक बिरुवा की मौजूदगी में 7 सितंबर के महाधरना का ऐलान

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
23 अग॰
2 मिनट पठन

चक्रधरपुर: खनिज संपदा और झारखंड के अधिकारों से जुड़े MMDR संशोधन विधेयक-2026 को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अब आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। रविवार को चक्रधरपुर के वन विश्रामगृह में हुई JMM की अहम बैठक में पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की। बैठक में जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के झामुमो विधायक और चाईबासा विधायक सह मंत्री दीपक बिरुवा एक साथ नजर आए।


बैठक में पश्चिमी सिंहभूम JMM जिलाध्यक्ष सोनाराम देवगम, जिला सचिव राहुल आदित्य, चाईबासा विधायक सह मंत्री दीपक बिरुवा, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, मनोहरपुर विधायक जगत माझी और मझगांव विधायक निरल पूर्ति समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।


बैठक का मुख्य एजेंडा MMDR संशोधन विधेयक रहा। पार्टी नेताओं ने विधेयक के प्रावधानों और झारखंड पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर मंथन किया। साथ ही तय किया गया कि इस मुद्दे को पंचायत और प्रखंड स्तर तक ले जाया जाएगा और आम लोगों को इसके बारे में जानकारी दी जाएगी।


7 सितंबर को हर प्रखंड में महाधरना


JMM ने बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए 7 सितंबर को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में महाधरना और विरोध-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। पार्टी कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के अधिकारों की रक्षा की मांग उठाएंगे।



जिलाध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि MMDR संशोधन विधेयक का सबसे ज्यादा असर झारखंड पर पड़ सकता है। खनिजों से मिलने वाले राजस्व में कमी या राज्य के अधिकार प्रभावित होने की स्थिति में सरकार की जनहित और जनउपयोगी योजनाओं पर भी असर पड़ सकता है।


उन्होंने कहा कि JMM इस कानून के खिलाफ पूरी ताकत के साथ लड़ाई लड़ेगा। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर और गांव-गांव जाकर लोगों को विधेयक के संभावित दुष्प्रभावों की जानकारी देंगे और झारखंड के हक-अधिकार को लेकर जनता को जागरूक करेंगे।


सोनाराम देवगम ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल पार्टी तक सीमित नहीं रहेगा। JMM आम जनता को भी इस अभियान से जोड़कर झारखंड के अधिकारों की लड़ाई को व्यापक जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी में है।

टिप्पणियां


bottom of page