top of page

शादी से इनकार पर भड़का प्रेमी, गुस्से में चाकू से गर्दन काटकर युवती की कर दी थी निर्मम हत्या, अनीता बिन्द हत्याकांड में आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

लेखक की तस्वीर: Jay Kumar
Jay Kumar
19 सित॰
2 मिनट पठन

चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में युवती अनिता बिन्द हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलि​स के अनुसार, हत्या की वजह प्रेम संबंध और शादी से इनकार सामने आई है। मृतका से पिछले दो-तीन वर्षों से प्रेम संबंध होने और उससे शादी करने की इच्छा रखने वाले आरोपी ने कथित तौर पर शादी से इनकार किए जाने के बाद गुस्से में उसकी हत्या कर दी थी।


पुलिस ने मामले के प्राथमिकी आरोपी अनिल कुमार बिन्द को घटना के कुछ ही समय बाद शीतला मंदिर ग्वालापट्टी वार्ड संख्या-7 स्थित संजय साह के मकान की चौथी मंजिल के एक कमरे से गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।



"शादी के लिए तैयार नहीं थी अनिता, आरोपी ने किया हमला।"

पुलिस के अनुसार, 27 साल का हत्या आरोपी अनिल कुमार बिन्द और 29 साल की अनिता बिन्द के बीच पिछले करीब दो से तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोपी उससे शादी करना चाहता था। पुलिस के समक्ष दिए गए कथित स्वीकारोक्ति बयान में अनिल ने बताया कि उसने अनिता को शादी के लिए मनाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह शादी के लिए तैयार नहीं थी।


पुलिस के मुताबिक, अनिता ने आरोपी से स्पष्ट रूप से कहा था कि वह किसी और को चाहती है और उसी से शादी करेगी। शादी से इनकार किए जाने के बाद आरोपी काफी गुस्से में आ गया। पुलिस का कहना है कि इसी गुस्से और आवेश में आरोपी ने चाकू से अनिता की गर्दन पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आसपास के लोगों और पुलिस की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया।



"तेज धारदार चाकू से किया हमला।"

बता दें कि बीते 18 सितंबर 2026 को उत्तर प्रदेश से आये मृतका के भाई आदर्श कुमार बिन्द के आवेदन पर चक्रधरपुर थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि अनिता बिन्द की तेज धारदार चाकू से गर्दन पर वार कर हत्या की गई।


घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉक्टर सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की और उसे शीतला मंदिर ग्वालापट्टी इलाके से गिरफ्तार कर लिया।


"हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद।"

पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, पांच मोबाइल फोन, एक काला टी-शर्ट तथा खून लगा कार्टन बरामद करने की बात कही है। बरामद सामान को जांच का हिस्सा बनाया गया है।


चक्रधरपुर में हुए हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से आरोपी युवक को पुलिस गिरफ्तार करने में सफल रही।


हत्याकांड के उद्भेदन और आरोपी की गिरफ्तारी में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉक्टर सैयद मुस्तफा हाशमी, चक्रधरपुर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अवधेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक बिनोद पासवान, रमेश गिरी, रामकिशोर तिवारी, सहायक अवर निरीक्षक बिरबल चौबे सहित चक्रधरपुर थाना के सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।

टिप्पणियां


bottom of page