बड़ाजामदा में मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़, 7 चोरी की बाइक बरामद, मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
- Rahul
- 20 जून
- 2 मिनट पठन
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरोह के मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ाजामदा क्षेत्र में 5-6 संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने और उन्हीं वाहनों का उपयोग कर चोरी, छिनतई तथा मारपीट जैसी वारदातों को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनीत कुमार किंडो के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
पुलिस टीम ने बड़ाजामदा के टंकीसाई स्थित दयाल कुमार नाग के घर, नोवामुंडी के डुकासाई स्थित संदीप पिंगुवा के घर तथा बड़ाजामदा की लाल बिल्डिंग के पास झाड़ियों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विभिन्न कंपनियों की कुल सात मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी बरामद की गई।
मास्टरमाइंड पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर छिनतई, चोरी और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। जांच में सामने आया कि गिरोह का संचालन दयाल कुमार नाग उर्फ मंगरू और संदीप पिंगुवा उर्फ पोटी उर्फ तितली कर रहे थे। पुलिस के अनुसार दोनों शातिर अपराधी हैं और पूर्व में भी जेल जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
दयाल कुमार नाग उर्फ मंगरू (20 वर्ष), निवासी टंकीसाई, बड़ाजामदा
संदीप पिंगुवा उर्फ पोटी उर्फ तितली (25 वर्ष), निवासी डुकासाई, नोवामुंडी
बॉबी दास (19 वर्ष), निवासी भट्ठीसाई, बड़ाजामदा
इसके अलावा तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है।

बरामद वाहन
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार हीरो होंडा स्प्लेंडर, एक अन्य हीरो होंडा मोटरसाइकिल, एक होंडा लिवो मोटरसाइकिल और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी समेत कुल सात वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की चोरी से संबंधित कड़ियों की जांच की जा रही है।
मामला दर्ज, सभी आरोपी भेजे जाएंगे जेल
इस संबंध में गुवा-बड़ाजामदा थाना कांड संख्या 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस का मानना है कि गिरोह से पूछताछ में क्षेत्र में हुई कई चोरी और छिनतई की घटनाओं का खुलासा हो सकता है। मामले की जांच जारी है।





टिप्पणियां