राज्यसभा चुनाव से पहले रांची में संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
- Rahul
- 1 घंटे पहले
- 2 मिनट पठन

रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच राजधानी रांची से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। चुटिया थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर बुधवार देर रात दो अज्ञात युवकों ने पेट्रोल बम से हमला कर दिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस दुस्साहसिक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना रात करीब साढ़े 12 बजे की बताई जा रही है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दो युवक संघ कार्यालय के पास पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। दोनों के हाथ में थैले हैं, जिनमें से एक युवक ने अपना चेहरा गमछे से ढक रखा था, जबकि दूसरे का चेहरा साफ नजर आ रहा है। फुटेज में एक युवक थैले से पेट्रोल से भरी बोतल निकालकर उसमें आग लगाता है और कार्यालय परिसर की ओर फेंक देता है। वहीं दूसरा युवक पूरी घटना का वीडियो मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करता दिखाई देता है। हमला करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं का संघ कार्यालय पहुंचना शुरू हो गया। भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी, सीपी सिंह और संजय सेठ ने मौके का जायजा लिया तथा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संघ कार्यालय जैसे संगठन पर हमला कोई सामान्य घटना नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने और कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस घटना को कानून-व्यवस्था की विफलता बताते हुए हेमंत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ चुका है और उन्हें पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है। भाजपा ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

गौरतलब है कि यह हमला ऐसे समय हुआ है जब 18 जून को झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान होना है और राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।





टिप्पणियां