top of page

राउरकेला स्टेशन परिसर में युवती से दुष्कर्म का आरोप, रेलकर्मी गिरफ्तार

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
4 सित॰
2 मिनट पठन

कन्फर्म टिकट दिलाने के बहाने वाल्व रूम में ले जाने का आरोप, जीआरपी ने दर्ज किया मामला



राउरकेला: मॉडल रेलवे स्टेशन के रूप में पहचान रखने वाले चक्रधरपुर रेल मंडल के राउरकेला रेलवे स्टेशन परिसर में एक महिला यात्री से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। प्लेटफॉर्म संख्या एक के चक्रधरपुर छोर स्थित ऑफिसर रेस्ट हाउस (ओआरएच) के समीप बने वाल्व रूम में एक युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप रेलवे के एक कर्मचारी पर लगा है। मामले में राउरकेला जीआरपी ने आरोपी रेलकर्मी कपिलेश्वर सिंह (54) को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।


मिली जानकारी के अनुसार, ओड़िशा के नुआपाड़ा जिला निवासी पीड़ित युवती गुरुवार तड़के बेंगलुरु जाने के लिए राउरकेला रेलवे स्टेशन पहुंची थी। बताया गया कि उसके पास कन्फर्म टिकट नहीं था। इसी दौरान स्टेशन पर उसकी मुलाकात रेलवे के आईओडब्ल्यू विभाग में कार्यरत वाल्व मैन कपिलेश्वर सिंह से हुई।



युवती ने जीआरपी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि कन्फर्म टिकट दिलाने का भरोसा देकर रेलकर्मी उसे अपने साथ प्लेटफॉर्म संख्या-1 के चक्रधरपुर क्षोर स्थित ओआरएच के पास ले गया। वहां स्थित वाल्व रूम में उसके साथ दुष्कर्म किया गया।


शिकायत मिलने के बाद जीआरपी की टीम युवती को कथित घटनास्थल पर लेकर पहुंची। युवती ने पुलिस को वाल्व रूम दिखाया। इसके बाद जीआरपी ने रेलवे के एसएसई/वर्क्स से संपर्क कर उस समय ड्यूटी पर तैनात वाल्व मैन के बारे में जानकारी ली। मौके पर पहुंचे कपिलेश्वर सिंह की पहचान युवती ने कथित आरोपी के रूप में की।



मामले में राउरकेला जीआरपी ने पीड़ित युवती का शाम के समय राउरकेला सरकारी अस्पताल मेडिकल जांच करने के बाद मामला दर्ज करते हुए केस नंबर 126/2026 में बीएनएस की धारा 64(2)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी रेलकर्मी को जीआरपी मामले की जांच पड़ताल के बाद गिरफ्तार कर लिया है।


महिला यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल


राउरकेला रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी की टीमें 24 घंटे तैनात रहती हैं। रेल मंडल के अधिकारी भी महिला सुरक्षा को लेकर बड़े बड़े दावे करते हैं, इसके बावजूद स्टेशन परिसर के भीतर इस तरह के गंभीर अपराध का आरोप सामने आने से महिला यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। खासकर प्लेटफॉर्म के समीप स्थित रेलवे के परिसर में घटना के आरोप ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



इस संबंध में चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने कहा कि मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और आरोपी रेलकर्मी के खिलाफ दोषी पाए जाने पर रेलवे की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियां


bottom of page