top of page

चक्रधरपुर–चाईबासा मार्ग पर सड़क हादसे में रेलकर्मी की मौत, रेल मंडल में शोक की लहर

लेखक की तस्वीर: Rahul
Rahul
1 दिन पहले
2 मिनट पठन

ड्यूटी पूरी कर जमशेदपुर लौट रहे थे कृष्ण कुमार सिंह, चाईबासा सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित


जुलाई में भी सड़क हादसे में गंभीर रूप से हुए थे घायल, इस बार हादसे की परिस्थितियां जांच के दायरे में



चक्रधरपुर: चक्रधरपुर–चाईबासा मुख्य सड़क मार्ग पर हुए सड़क हादसे में चक्रधरपुर रेल मंडल के एक रेलकर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान कृष्ण कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय स्थित चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के आरक्षण (रिजर्वेशन) काउंटर पर कार्यरत थे। उनकी आकस्मिक मौत की खबर से रेल मंडल के वाणिज्य विभाग सहित रेलकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्ण कुमार सिंह ड्यूटी पूरी करने के बाद चक्रधरपुर से जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान चक्रधरपुर–चाईबासा मार्ग पर वह घायल अवस्था में सड़क पर पड़े मिले। घटना की सूचना मिलने पर चाईबासा पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।



इस घटना ने रेलकर्मियों को झकझोर कर रख दिया है। खास बात यह है कि कृष्ण कुमार सिंह इससे पहले भी जुलाई महीने में सड़क हादसे का शिकार हुए थे। बीते 26 जुलाई की रात वे इसी तरह ड्यूटी पूरी कर जमशेदपुर लौट रहे थे, तभी अचानक वे सड़क हादसे का शिकार हुए थे और काफी देर तक बेहोश पड़े थे, उस घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, उस दौरान उनका काफी सामान भी चोरी हो गया था। होश में आने के बाद उन्होंने अपने साथी रेलकर्मियों को घटना की जानकारी दी थी। प्राथमिक उपचार के बाद वह स्वस्थ हो गए थे।



लेकिन इस बार हुए हादसे में उनकी जान चली गई। एक ही वर्ष में दो बार सड़क हादसे का शिकार हुए रेलकर्मी की मौत से उनके सहकर्मी स्तब्ध हैं। और लगातर हुए एक ही तरह की घटना से उनकी मौत का एक बड़ा रहस्य भी बन गया है।



फिलहाल, कृष्ण कुमार सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन घटना की वास्तविक वजह और हादसा कैसे हुआ, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

टिप्पणियां


bottom of page