ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ की कार्रवाई, ट्रेन से चोरी के मोबाइल समेत युवक गिरफ्तार
- Rahul
- 2 दिन पहले
- 2 मिनट पठन

राउरकेला: ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत राउरकेला रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रेन से चोरी के मोबाइल फोन समेत एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान राजगांगपुर के ईदगाह मोहल्ला निवासी मो. रेहान हुसैन (32) के रूप में हुई है। उसके पास से करीब 51,200 रुपये मूल्य के सामान बरामद किये गये हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को ट्रेन संख्या 13352 अलप्पुझा-धनबाद एक्सप्रेस के बी-4 कोच की बर्थ संख्या 08 पर यात्रा कर रही एक महिला यात्री का वैनिटी बैग चोरी हो गया था। महिला यात्री के अनुसार, वह करीब सुबह छह बजे नींद से जागी तो उसका बैग गायब था। आशंका जतायी गयी कि राउरकेला रेलवे स्टेशन के आसपास ट्रेन में सवार किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी की घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ टीम/राउरकेला को एससीएनएल/चक्रधरपुर से करीब 11.15 बजे संदेश प्राप्त हुआ। इसके बाद आरपीएफ टीम-बी और आरपीएफ पोस्ट राउरकेला ने स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के साथ विश्वसनीय सूत्रों को भी सक्रिय किया गया।

इसी दौरान दोपहर करीब 1.15 बजे प्लेटफॉर्म संख्या एक के चक्रधरपुर छोर पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। आरपीएफ जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की। युवक ने अपना नाम मो. रेहान हुसैन बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक सैमसंग मोबाइल, एक रियलमी मोबाइल, एक हीरो कीपैड मोबाइल, पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम कार्ड, बोट ईयरबड, मोबाइल चार्जर, 7,300 रुपये नकद और कुछ कॉस्मेटिक सामान बरामद हुए।
बरामद सामान के संबंध में युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ के दौरान उसने ट्रेन संख्या 13352 अलप्पुझा-धनबाद एक्सप्रेस से राउरकेला स्टेशन के पास उक्त मोबाइल फोन चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद एएसआई राजेश मिश्रा ने बरामद सामान को विधिवत जब्त किया। पूरी जब्ती प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करायी गयी।
बाद में आरपीएफ ने गिरफ्तार युवक और जब्त सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी राउरकेला को सौंप दिया। मामले में जीआरपी राउरकेला ने कांड संख्या 124/26, दिनांक 31 अगस्त 2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 305(सी) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।





टिप्पणियां