राउरकेला रेलवे स्टेशन की सुरक्षा पर सवाल: प्लेटफॉर्म-5 के पास अवैध चाय व शराब का अड्डा, खुले गेट से बढ़ रही घुसपैठ
- Rahul
- 17 मिनट पहले
- 1 मिनट पठन

राउरकेला: राउरकेला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-5 के निकट स्थित रेलवे ओएचई कार्यालय के पास रेलवे परिसर में अवैध रूप से संचालित चाय की दुकान और उसके पीछे चल रही देशी शराब की बिक्री स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
रेलवे परिसर में खुलेआम चल रही इन गतिविधियों के कारण यात्रियों को असुरक्षा का एहसास होने लगा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन पर आने-जाने वाले कई यात्री इस अवैध शराब की दुकान से शराब खरीदकर वहीं सेवन करते देखे जाते हैं। वहीं चाय और शराब की दुकान के आसपास दिनभर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है।
इससे विशेषकर महिला यात्रियों, बुजुर्गों और परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों को काफी परेशानी और असहजता का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि चाय की दुकान के समीप रेलवे द्वारा लगाया गया बड़ा प्रवेश द्वार पिछले कई महीनों से लगातार खुला पड़ा है। इस खुले गेट का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व बिना किसी रोक-टोक के स्टेशन परिसर में प्रवेश कर रहे हैं।
इतना ही नहीं, इसी रास्ते से अवैध वेंडर भी बिना अनुमति के खाद्य सामग्री लेकर स्टेशन के भीतर पहुंच रहे हैं और खुलेआम कारोबार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों के बढ़ने से स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ रही है।
उन्होंने रेलवे प्रशासन,आरपीएफ और जीआरपी से तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध दुकानों को हटाने, खुले गेट को बंद कराने तथा स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त बनाने की मांग की है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।





टिप्पणियां