अमित शाह से मिले झारखंड BJP के दिग्गज, खनन विधेयक पर रणनीति पर मंथन
- Rahul
- 1 दिन पहले
- 2 मिनट पठन

नई दिल्ली: झारखंड भाजपा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में झारखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक तैयारियों और आने वाले दिनों की रणनीति को लेकर चर्चा हुई।
चार पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ हुई अहम बैठक
बैठक में झारखंड भाजपा के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास और चंपाई सोरेन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय और दीपक प्रकाश तथा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल थे।
सूत्रों के अनुसार, अमित शाह ने प्रदेश भाजपा नेताओं से राज्य की राजनीतिक स्थिति को लेकर जानकारी ली और पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

खनन विधेयक को लेकर बढ़ सकता है सियासी टकराव
अमित शाह के साथ यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब झारखंड में खनिज और खनन से जुड़े मुद्दे पर राजनीतिक माहौल गर्म होने के संकेत हैं। केंद्र सरकार के खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 (MMDR Bill) के खिलाफ झामुमो समेत विपक्षी दल आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं।
झामुमो विधेयक को झारखंड की खनिज संपदा और राज्य के अधिकारों से जोड़कर इसका विरोध कर रहा है। पार्टी ने 20 अगस्त को एक बड़ी बैठक बुलाई है, जिसमें विधेयक के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
बीजेपी भी तैयार करेगी राजनीतिक जवाब
राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि अमित शाह के साथ हुई बैठक में झारखंड में बन रहे इस राजनीतिक माहौल पर भी चर्चा हुई होगी। हालांकि भाजपा की ओर से बैठक के एजेंडे को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

खनन विधेयक के मुद्दे पर आने वाले दिनों में झामुमो और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ने की संभावना है। एक तरफ झामुमो इसे झारखंड के संसाधनों और अधिकारों से जोड़कर आंदोलन की तैयारी कर रहा है, वहीं भाजपा केंद्र सरकार के पक्ष को मजबूती से रखने और विपक्ष के आरोपों का राजनीतिक जवाब देने की रणनीति बना सकती है।
झारखंड भाजपा के लगभग सभी प्रमुख नेताओं की एक साथ अमित शाह से मुलाकात को इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





टिप्पणियां