खेत की जुताई के दौरान मिला संदिग्ध विस्फोटक, सोनपोखरी गांव में मची सनसनी
- Rahul
- 24 जून
- 2 मिनट पठन
ट्रैक्टर चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, पुलिस जांच में जुटी
सेना की टीम करेगी बम का फाइनल निरिक्षण और डिस्पोजल, टीम मनोहरपुर के लिए हुई रवाना

मनोहरपुर: मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोनपोखरी गांव में मंगलवार सुबह खेत की जुताई के दौरान एक संदिग्ध पुराना विस्फोटक मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। विस्फोटक देखने में मोर्टार शेल या बम जैसा प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे सोनपोखरी निवासी विजय हेम्ब्रम के खेत में ट्रैक्टर से जुताई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक शिव चरण महतो को मिट्टी के नीचे कोई भारी और संदिग्ध वस्तु होने का आभास हुआ। जुताई रोककर जब उसने नजदीक जाकर देखा तो मिट्टी में दबा एक लंबा और जंग लगा हुआ विस्फोटक जैसा पदार्थ दिखाई दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तुरंत इसकी जानकारी खेत मालिक और आसपास के लोगों को दी। देखते ही देखते खेत में विस्फोटक मिलने की खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मनोहरपुर थाना पुलिस को दी।

लगभग दो फीट लंबा और 30 किलो वजनी
ट्रैक्टर चालक शिव चरण महतो और खेत मालिक विजय हेम्ब्रम ने बताया कि शुरुआत में उन्हें इसकी वास्तविकता का अंदाजा नहीं था। दोनों ने इसे हाथ से उठाकर हटाने का प्रयास भी किया। उनके अनुसार यह वस्तु लगभग दो फीट लंबी तथा करीब 30 किलोग्राम वजन की प्रतीत हो रही है। हालांकि बाद में शक होने पर उन्होंने इसे वहीं छोड़ दिया और पुलिस को सूचना दी।
पुराने मोर्टार शेल होने की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार बरामद वस्तु काफी पुरानी और पूरी तरह जंग लगी हुई है। प्रथम दृष्टया यह किसी पुराने मोर्टार शेल या विस्फोटक बम जैसी दिखाई दे रही है। हालांकि इसकी वास्तविक पहचान पुलिस जांच और बम निरोधक विशेषज्ञों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद मनोहरपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सूचना मिलते ही मनोहरपुर डीएसपी डेविड ए डोडराय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस ने लोगों से संदिग्ध वस्तु से दूर रहने और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की है। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। एसपी अमित रेनू ने कहा है कि यह एक पुराना मोर्टार शैल बम हो सकता है, सेना की एक टीम इसके निरिक्षण और डिस्पोजल के लिए मनोहरपुर घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
यदि यह वस्तु वास्तव में सक्रिय विस्फोटक निकली, तो ट्रैक्टर की जुताई के दौरान बड़ा हादसा हो सकता था। चालक की सतर्कता और समय रहते सूचना देने से संभावित खतरा टल गया।





टिप्पणियां