top of page

रेलवे सुरक्षा को लेकर मिशन मोड में होगा काम, घटिया सामान पर होगी सख्त कार्रवाई

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 14 घंटे पहले
  • 2 मिनट पठन


नई दिल्ली: भारतीय रेलवे में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए हैं। रेल भवन में हुई विस्तृत सुरक्षा समीक्षा बैठक में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं सीईओ, बोर्ड के सदस्य, जोनल रेलवे के महाप्रबंधक, डीजी और डीआरएम शामिल हुए।


बैठक में सिग्नलिंग सिस्टम की तकनीकी खामियों को दूर करने, निर्धारित सर्विस लाइफ पूरी कर चुके ओएचई (ओवरहेड उपकरण) के कंपोनेंट्स के समय पर मेंटेनेंस व रिप्लेसमेंट पर जोर दिया गया। इसके अलावा कोचों में आग से सुरक्षा से जुड़े इलेक्ट्रिकल सर्किट और वायरिंग की जांच व रखरखाव बेहतर करने के निर्देश दिए गए।


रेल मंत्री ने कोच और वैगन के कपलर व पहियों की मेंटेनेंस व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही ट्रैक पर पॉइंट मशीन, टर्नआउट और फास्टनर्स की उचित देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। जहां फास्टनर्स गायब हैं, वहां उन्हें तत्काल लगाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।


बैठक में घटिया गुणवत्ता वाले सामान की आपूर्ति करने वाले सप्लायरों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। S&T, OHE, ट्रैक, कोच या वैगन से जुड़े सामान की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कार्रवाई होगी। जानबूझकर लापरवाही सामने आने पर संबंधित सप्लायर को स्थायी रूप से ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।


त्योहारों में भीड़ से निपटने की तैयारी


त्योहारों और मेलों के दौरान अचानक बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे अधिकारियों को जिला और राज्य प्रशासन के साथ समन्वय कर पहले से तैयारियां करने को कहा गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाना है। रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि रेलवे सुरक्षा और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

टिप्पणियां


bottom of page