चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर ट्रेन मैनेजर अमित स्वाई की सड़क हादसे में मौत, एक रिश्तेदार गंभीर
- Rahul
- 18 घंटे पहले
- 1 मिनट पठन
चक्रधरपुर: इस वक्त की बड़ी खबर चक्रधरपुर चाईबासा मुख्य सड़क मार्ग से सामने आ रही है। चाईबासा चक्रधरपुर रोड पर एस मोड़ के समीप उल्लुगुटु के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर ट्रेन मैनेजर अमित स्वाई की मौत हो गई है, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार एक रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल को बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमित स्वाई किसी निजी कार्य से रविवार को चक्रधरपुर से चाईबासा गए थे। चाईबासा से वापस लौटने के दौरान एस मोड़ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे निर्माणाधीन नाली में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने अमित स्वाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके रिश्तेदार की हालत नाजुक देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद राउरकेला रेफर कर दिया गया।
अमित स्वाई की असामयिक मौत की खबर मिलते ही चक्रधरपुर रेल मंडल में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मी ट्रेन मैनेजरों और रेलकर्मियों ने इस घटना को रेलवे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। रेलकर्मियों ने दिवंगत साथी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया गया है।





टिप्पणियां