प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति की समीक्षा, लंबित आवासों को जल्द पूरा करने का निर्देश
- Rahul
- 1 दिन पहले
- 2 मिनट पठन

टोन्टो : टोन्टो प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिला समन्वयक सरफराज आलम ने मंगलवार को सेरेंगसिया पंचायत के विभिन्न गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पदमपुर, हेसाबेड़ा, कुदाहातु, बाईहातु, सागरकट्टा एवं सेरेंगसिया गांवों में चल रहे आवास निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के अंतर्गत कुल 200 लाभुकों को आवास निर्माण के लिए प्रथम किस्त की राशि उपलब्ध कराई गई है। इनमें से 126 लाभुकों ने अपने आवासों का निर्माण कार्य पिलिंथ स्तर तक पूरा कर लिया है, जबकि 74 लाभुक विभिन्न कारणों से अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कर सके हैं।

जिला समन्वयक ने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पाया कि कई लाभुकों ने केवल नींव की खुदाई कर कार्य रोक दिया है, जबकि कुछ ने निर्माण सामग्री गिराकर काम अधूरा छोड़ रखा है। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि पूर्व पंचायत सचिव रमेश कालोनडिया के मार्च माह में सेवानिवृत्त होने के बाद लंबे समय तक योजना की नियमित निगरानी नहीं होने से कई आवासों का निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई आवासों का पिलिंथ स्तर पर जियो-टैगिंग भी की गई। जिला समन्वयक ने शेष लाभुकों को निर्देश दिया कि वे एक सप्ताह से 15 दिनों के भीतर आवास निर्माण कार्य प्रारंभ कर निर्धारित स्तर तक पूरा करें, ताकि योजना का लाभ समय पर मिल सके।
निरीक्षण में प्रखंड समन्वयक टोन्टो जीत सिंह जोजो तथा सेरेंगसिया पंचायत के वर्तमान पंचायत सचिव काणडे राम सुंडी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लाभुकों से योजना के प्रति गंभीरता दिखाने और निर्माण कार्य में तेजी लाने की अपील की।





टिप्पणियां