top of page

पुलिस के सामने चला खूनी खेल! पीसीआर वैन में घुसकर युवक पर बरसाए चाकू, जमशेदपुर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल.

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 6 घंटे पहले
  • 2 मिनट पठन


जमशेदपुर: जमशेदपुर की कानून व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर शनिवार देर रात जो कुछ हुआ, उसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जान बचाने के लिए एक युवक पुलिस की पीसीआर वैन में घुस गया, लेकिन हमलावर वहीं तक पहुंच गए और पुलिसकर्मियों के सामने ही उसे बाहर खींचकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।


घटना का सामने आया सीसीटीवी फुटेज पूरे शहर को झकझोर देने वाला है। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि हथियारबंद हमलावर खुलेआम चाकू लहराते हुए युवकों पर हमला कर रहे हैं, जबकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें रोकने में असहाय नजर आ रहे हैं। यह दृश्य आम लोगों के मन में यह सवाल खड़ा कर रहा है कि जब पुलिस की मौजूदगी में भी कोई सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिक किस भरोसे घर से बाहर निकले?




जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने हिमांशु नामक युवक पर एक के बाद एक करीब सात बार चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु को पहले टीएमएच ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया गया। वहीं प्रत्यूष नामक दूसरे घायल युवक का इलाज टीएमएच में चल रहा है। दोनों घायल करनी सेना के सदस्य बताए जा रहे हैं।


बताया जा रहा है कि डबल डाउन बार के भीतर छेड़खानी को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। स्थिति बिगड़ने पर बाउंसरों ने दोनों गुटों को बार से बाहर निकाल दिया। इसी दौरान एक पक्ष ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया, जो धारदार चाकू लेकर पहुंचे और दूसरे गुट पर जानलेवा हमला कर दिया।



घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि पुलिस मौके पर मौजूद थी, फिर भी हमलावर बेखौफ होकर हमला करते रहे। एक युवक पुलिस की पीसीआर वैन में शरण लेने पहुंचा, लेकिन हमलावर वहां भी घुस गए और पुलिस के सामने ही उसे बाहर खींचकर चाकू मारते रहे। यह दृश्य न सिर्फ पुलिस की तत्परता बल्कि उसकी प्रभावी कार्रवाई की क्षमता पर भी सवाल खड़े करता है।


शहर में लगातार बढ़ती हिंसक घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि अपराधियों के मन से कानून का डर कम होता जा रहा है। खुलेआम धारदार हथियार लहराना, पुलिस की मौजूदगी में जानलेवा हमला करना और मौके से फरार हो जाना आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर रहा है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की मौजूदगी में भी अपराधी इस तरह वारदात को अंजाम दे सकते हैं, तो कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीरता से मंथन करने की आवश्यकता है।



इस मामले में बिष्टुपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी हमलावरों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


हालांकि, इस पूरी घटना ने यह बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि यदि पुलिस की मौजूदगी में पीसीआर वैन तक सुरक्षित नहीं रही, तो आम नागरिक अपनी सुरक्षा के लिए किस पर भरोसा करे?

टिप्पणियां


bottom of page