चाईबासा मंडल कारा में देर रात प्रशासन की छापेमारी, जेल की सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा
- Rahul
- 1 दिन पहले
- 1 मिनट पठन

चाईबासा : जिला प्रशासन की ओर से बीती रात चाईबासा मंडल कारा में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। यह अभियान रात करीब 11:30 बजे से शुरू होकर 1:30 बजे तक चला। छापेमारी के दौरान जेल परिसर के विभिन्न वार्डों और कोनों की गहन जांच की गई तथा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
अभियान में चाईबासा सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) रंजीत कुमार, एसडीपीओ बहामन टूटी, चाईबासा प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, चाईबासा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संतोशनी मुर्मू सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए चाईबासा सदर, चाईबासा मुफस्सिल, पंडराशाली, झींकपानी समेत विभिन्न थानों के थाना प्रभारी तथा बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल तैनात थे।
जानकारी के अनुसार अधिकारियों ने जेल परिसर के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से जांच की और बंदियों से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। जांच के दौरान जेल के भीतर से किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को सामान्य एवं संतोषजनक बताया।
हालांकि निरीक्षण के दौरान कुछ व्यवस्थागत सुधारों की आवश्यकता महसूस की गई, जिसके संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जेलों में पारदर्शिता, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से समय-समय पर इस प्रकार की औचक छापेमारी की जाती है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।





टिप्पणियां