
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिवसीय दौरा 28 से, पहली बार जमशेदपुर आएंगी राष्ट्रपति, भव्य स्वागत के लिए कैसी की जा रही तैयारी, जानिए खबर में
27 दिस. 2025
2 मिनट का लेख
0
111
0

न्यूज डेस्क
रांची ( RANCHI) : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 28 दिसंबर को तीन दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रही हैं. वह रविवार की शाम करीब छह बजे विशेष विमान से रांची के भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी और वहां से सीधे लोकभवन जाएंगी, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगी. सोमवार 29 दिसंबर को जमशेदपुर में 30 दिसंबर को गुमला में आयोजित कई कार्यक्रमों मं शामिल होंगी. राष्ट्रपति के दौरे को लेकर राज्य सरकार के द्वार पूरी तैयारी कर ली गई है. राजधानी रांची, जमशेदपुर और गुमला आकाश से लेकर जमीन तक बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
29 दिसंबर को जमशेदपुर में जनजातीय कार्यक्रम में शामिल होंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 29 दिसंबर को सुबह नौ बजे हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी और वहां से सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थलों तक जाएंगी. राष्ट्रपति जमशेदपुर में दो कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी. इसे लेकर जमशेदपुर में जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं. शहर के कई इलाकों में सड़क किनारे से अवैध अतिक्रमण हटाया जा रहा है, वहीं एयरपोर्ट और अन्य स्थानों पर रंग-रोगन का काम तेज कर दिया गया है. सोनारी एयरपोर्ट को विशेष रूप से सजाया जा रहा है. एयरपोर्ट की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग और कलाकृतियां उकेरी जा रही हैं. राष्ट्रपति के स्वागत की तैयारी झारखंडी परंपरा के अनुरूप की जा रही है. एयरपोर्ट के मुख्य द्वार पर हिंदी और ओलचिकी लिपि में जोहार' लिखा गया है. एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक शहर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के स्वागत के लिए तैयार है.
राष्ट्रपति 29 दिसंबर को जमशेदपुर के जाहेर स्थान में ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विशेष जनजातीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगी. क दूसरे कार्यक्रम में जमशेदपुर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी. इसके बाद राष्ट्रपति जमशेदपुर कार्यक्रमों के समापन के बाद वह शाम को वापस रांची लौटेंगी और राजभवन में विश्राम करेंगी.
30 दिसंबर को गुमला में अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समागम में शामिल होंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति मुर्मू 30 दिसंब र मंगलवार को गुमला जिले के दौरे पर रहेंगी. यहां रायडीह प्रखंड में आयोजित अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समागम ‘कार्तिक जतरा 2025’ में वह मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी. इस कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव और एसटी-एससी विषयक संसदीय समिति के अध्यक्ष फगन सिंह कुलस्ते की उपस्थिति भी प्रस्तावित है. समारोह के बाद दोपहर करीब 2.30 बजे राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर से रांची लौट जाएंगी और वहीं से वह दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी.
राष्ट्रपति के झारखंड दौरे को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है. सुरक्षा के मद्देनजर शहर के कई इलाकों को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है. राष्ट्रपति के आगमन और कार्यक्रमों को देखते हुए 28 से 30 दिसंबर तक रांची शहर की यातायात व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं.











