top of page

मंझारी में सनसनीखेज डबल मर्डर, शराब के नशे में भाभी और मासूम भतीजी की कुल्हाड़ी से हत्या

  • लेखक की तस्वीर: Rahul
    Rahul
  • 1 दिन पहले
  • 2 मिनट पठन

बड़े तोरलो गांव में रिश्तों का कत्ल, आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद




चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के बड़े तोरलो गांव में रविवार को दिल दहला देने वाली दोहरे हत्याकांड की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी 30 वर्षीय भाभी नानिका बिरूवा और 10 वर्षीय भतीजी शर्मिला बिरूवा की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।



मिली जानकारी के अनुसार, मृतका नानिका बिरूवा का पति डोकल सिंह बिरूवा खेत में काम करने गया हुआ था। इसी दौरान आरोपी रमाय बिरूवा नशे की हालत में घर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से नानिका पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। शोर सुनकर बचाने पहुंची 10 वर्षीय शर्मिला बिरूवा पर भी उसने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।




जब डोकल सिंह बिरूवा खेत से वापस घर लौटा तो पत्नी और बेटी के खून से लथपथ शव देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल ग्रामीणों ने मंझारी थाना पुलिस को दी।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। डोकल सिंह बिरूवा ने पुलिस को बताया कि आरोपी रमाय बिरूवा अक्सर शराब पीकर घर में विवाद करता था और परिवार के लोगों के साथ मारपीट व गाली गलौज करता था।




मंझारी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमाय बिरूवा को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।


इस दोहरे हत्याकांड से बड़े तोरलो गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

टिप्पणियां


bottom of page