मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान 30 जून से, हर पात्र नागरिक का नाम जोड़ने और अपात्रों का नाम हटाने के निर्देश
- Rahul
- 2 दिन पहले
- 2 मिनट पठन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 का शुभारंभ 30 जून से किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर तदर्थ जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों एवं सभी प्रखंडों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना तथा अपात्र व्यक्तियों का नाम नियमानुसार हटाना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि 30 जून से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को दो प्रतियों में गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे। इनमें से एक हस्ताक्षरित प्रति प्राप्त कर सुरक्षित रखी जाएगी। साथ ही निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी प्रतिदिन क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे तथा प्राप्त प्रपत्रों का समय पर डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करेंगे। इस कार्य में तकनीकी सहयोग के लिए सभी मतदान केंद्रों पर वालंटियर भी तैनात किए गए हैं।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए 30 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक विशेष सोशल मीडिया महाअभियान चलाया जाएगा, जिसमें #JharkhandSIR हैशटैग के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा। वहीं 29 जून को जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के जरिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। 30 जून को सभी मतदान केंद्रों पर चुनावी पाठशाला और बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक भी आयोजित की जाएगी।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और अद्यतनता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए, ताकि जिले के सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।





टिप्पणियां